मुख्यमंत्री ने स्थलीय और हवाई निरीक्षण कर दिए अफसरों को कड़े निर्देश
चमोली: थराली आपदा प्रभावित क्षेत्रों का रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थलीय और हवाई निरीक्षण किया। सीएम ने प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात की और आश्वासन दिया कि हर मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
निरीक्षण के दौरान कुछ महिलाओं ने सीएम की गाड़ी के आगे आकर नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री तुरंत वाहन से उतरकर उनसे मिले और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आपदा ने कई परिवारों को अपार दुख दिया है और राज्य सरकार उनकी पीड़ा को पूरी तरह समझती है।
इसे भी पढ़ें: थराली आपदा पीड़ितों को मिलेगा 5-5 लाख मुआवज़ा: CM धामी का बड़ा ऐलान।
24 घंटे राहत-बचाव कार्य जारी, घायलों का हो रहा इलाज
सीएम धामी ने कहा कि युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलिकॉप्टर से एम्स भेजा गया है। अधिकारियों को 24 घंटे राहत कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में प्रभावितों से मुलाकात कर 7 लोगों को चेक वितरित किए। साथ ही अफसरों को आदेश दिया कि मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि और पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजा तत्काल दिया जाए। उन्होंने बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था जल्द करने के भी निर्देश दिए।
थराली के कई क्षेत्रों का स्थलीय और हवाई सर्वेक्षण
सीएम धामी ने लोअर बाजार, सरस्वती शिशु मंदिर और बेतालेश्वर महादेव मंदिर सहित आसपास के प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद कुलसारी से चेपड़ों तक हवाई सर्वेक्षण भी किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री देहरादून लौट गए।
इसे भी पढ़ें: आपदा में मौत के 72 घंटे के भीतर मिलेगी आर्थिक सहायता : सीएम धामी।
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, उत्तरकाशी और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों के लिए बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। स्थिति को देखते हुए देहरादून जिले में सोमवार को कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।